चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद बाजार मजबूत, 2026 में लगातार छठे साल आपूर्ति में कमी का अनुमान
वैश्विक चांदी बाजार में इस साल भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद कीमतों में बड़ी गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद चांदी का बाजार अपेक्षाकृत मजबूत बना हुआ है। रिसर्च फर्म Metals Focus का मानना है कि औद्योगिक मांग में कमजोरी और निवेशकों की सीमित भागीदारी के बावजूद चांदी का दीर्घकालिक आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है।
Metals Focus के मैनेजिंग डायरेक्टर फिलिप न्यूमैन ने Kitco News को दिए इंटरव्यू में कहा कि चांदी की कीमतों ने इस साल उल्लेखनीय मजबूती दिखाई है। हालांकि, बाजार को 50 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर टिके रहने में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के समय स्पॉट सिल्वर 48.58 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी, जो सप्ताह के दौरान 6 प्रतिशत नीचे थी।
लगातार छठे साल आपूर्ति में कमी का अनुमान
Silver Institute के लिए तैयार Metals Focus की रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में वैश्विक चांदी बाजार लगातार छठे वर्ष आपूर्ति घाटे में रह सकता है। हालांकि, यह कमी घटकर 3.5 करोड़ औंस रहने का अनुमान है, जबकि पिछले साल यह 5.4 करोड़ औंस थी। फर्म का मानना है कि 2027 में मांग और आपूर्ति के बीच अंतर और कम हो सकता है तथा बाजार में मामूली अतिरिक्त आपूर्ति की संभावना भी बन सकती है।
सौर ऊर्जा क्षेत्र में घट रही औद्योगिक मांग
Metals Focus को इस साल कुल औद्योगिक चांदी मांग में 3 प्रतिशत गिरावट के साथ 64 करोड़ औंस रहने की उम्मीद है। इसकी प्रमुख वजह सौर पैनल उद्योग है, जहां ऊंची कीमतों के कारण कंपनियां चांदी की खपत कम करने और सस्ते विकल्प अपनाने पर काम कर रही हैं। सौर उद्योग से मांग लगभग 20 प्रतिशत घटने का अनुमान है।
इसके बावजूद सौर क्षेत्र को छोड़कर अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में चांदी की मांग 4.5 प्रतिशत बढ़कर 49.2 करोड़ औंस हो सकती है। इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य औद्योगिक उपयोगों से इसे समर्थन मिलने की उम्मीद है।
निवेशकों की वापसी से बढ़ सकती हैं कीमतें
न्यूमैन के अनुसार, संस्थागत निवेशकों की सीमित भागीदारी के बावजूद कीमतों का मजबूत बने रहना सकारात्मक संकेत है। यदि निवेशक दोबारा बाजार में लौटते हैं, तो चांदी की कीमतों में तेजी की गुंजाइश बन सकती है। हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति, महंगाई और मध्य पूर्व के भू-राजनीतिक तनाव आगे बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे।
Metals Focus के मुताबिक, ऊंची कीमतों के कारण आभूषण और चांदी के बर्तनों की मांग भी घट सकती है। इसके बावजूद भारत जैसे बाजारों में उपभोक्ता छोटे और हल्के उत्पाद खरीदकर चांदी पर खर्च जारी रख रहे हैं।

